चेन्नई, 24 अक्टूबर (भाषा) नाबालिगों के कथित यौन उत्पीड़न से जुड़े मामलों में गिरफ्तार ग्रेनाइट कारोबारी वीरमणि की बेटी अर्चना वीरमणि को पूछताछ के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शुक्रवार को चेन्नई हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने उड़ान भरने से कुछ मिनट पहले अर्चना को सिंगापुर जाने वाले विमान से उतारा था। यह कार्रवाई वीरमणि के खिलाफ यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा सतर्क किए जाने के बाद की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसआईटी जांच के तहत वीरमणि के सहयोगियों, पूर्व कर्मचारियों और रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, अर्चना को मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान अर्चना की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.