scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशगाजीपुर में बाहुबली मुख्तार अंसारी के सहयोगी की इमारत पर बुलडोजर चला

गाजीपुर में बाहुबली मुख्तार अंसारी के सहयोगी की इमारत पर बुलडोजर चला

Text Size:

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), पांच मार्च (भाषा) बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के एक सहयोगी कमलेश सिंह की स्वीकृत मानचित्र से हटकर गोंडा देहाती में बनाई गयी एक इमारत को पुलिस व प्रशासन ने रविवार को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अरुण कुमार सिंह ने बताया, ‘‘कमलेश सिंह ने गोंडा देहाती में नक्शा पास कराए बिना मकान बना लिया था। सक्षम प्राधिकारी ने उसे गिराने का आदेश दिया था, जिसकी अपील जिलाधिकारी के यहां की गई थी।’’ एडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी ने अपील खारिज कर दी, जिसके बाद रविवार को प्रशासन ने मकान गिरा दिया। सिंह ने बताया कि कमलेश सिंह मुख्‍तार गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है।

उन्होंने बताया, ‘‘मोहम्मदाबाद में सरकारी जमीन पर बनाई गयी एम ए अंसारी इंटर कॉलेज की चहारदीवारी को भी प्रशासन ने गिरा दिया। यह विद्यालय अंसारी परिवार से संबंधित है।’’

उल्लेखनीय है कि शनिवार को मुख्तार अंसारी और उसके दोनों बेटों… मऊ से विधायक अब्‍बास अंसारी और उमर अंसारी… की मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना इलाके में स्थित एक मकान को भी बिना मानचित्र स्वीकृत कराये और दूसरे की जमीन पर अवैध ढंग से कब्जा करने के आरोपों के चलते मऊ जिला प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया।

मऊ के नगर मजिस्‍ट्रेट नीतीश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया था कि मऊ जिला मुख्यालय के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के तहत जहांगीराबाद इलाके में अंसारी की इमारत को गिराया गया।

मऊ से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक अब्बास अंसारी मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पिछले तीन महीने से जेल में बंद हैं।

भाषा सं आनन्द अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments