इंफाल, 10 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के उखरुल जिले में गश्त के दौरान शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के कांस्टेबल मिथुन मंडल शाम करीब 4:30 बजे अज्ञात दिशा से चलाई गई गोली की चपेट में आ गए।
पश्चिम बंगाल के भगजान टोला गांव निवासी मंडल को इंफाल के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां शाम करीब छह बजे उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने हत्या की निंदा की और मृतक के परिजन के प्रति संवेदना जताई।
सिंह ने कहा, ‘‘आज उखरुल के मोंगकोट चेपु में गश्त के दौरान कांस्टेबल मिथुन मंडल (170 बटालियन, बीएसएफ) को गोली मारे जाने की घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। मंडल ने रिम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मंडल पश्चिम बंगाल के एक वीर सपूत थे और कर्तव्य की राह में उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दुख की इस घड़ी में उन्हें शक्ति और शांति मिले।”
कुकी गांव मोंगकोट चेपु और पड़ोसी तंगखुल नगा में फरवरी में दो समुदायों के बीच जातीय झड़पें शुरू होने के बाद से गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं।
भाषा यासिर पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
