scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशएनसीबी की हिरासत में बीएसएफ के कांस्टेबल की मौत: पुलिस

एनसीबी की हिरासत में बीएसएफ के कांस्टेबल की मौत: पुलिस

Text Size:

चंडीगढ़/अमृतसर, 23 मार्च (भाषा) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक कांस्टेबल की स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके साथ बेहरमी से मारपीट की गई।

बीएसएफ कांस्टेबल जसविंदर सिंह को एक मामले में पूछताछ के सिलसिले में तीन मार्च को जम्मू से पकड़ा गया था, जिनकी शुक्रवार रात अमृतसर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

अमृतसर के मकबूलपुरा थाना प्रभारी जसजीत सिंह ने बताया कि एनसीबी एक मामले की जांच कर रहा था और कांस्टेबल की हालत अचानक बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

शनिवार को अमृतसर सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया।

जसविंदर सिंह की मां गुरमीत कौर ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि उनका बेटा छुट्टी पर घर आया था और तीन मार्च को एनसीबी की जम्मू इकाई उसे अपने साथ ले गई।

कौर ने बताया कि परिवार को 20 मार्च को उसकी (जसविंदर) तबीयत बिगड़ने की सूचना दी गई।

उन्होंने कहा कि उन्हें यह नहीं बताया गया कि उसे क्यों ले जाया गया था।

कौर ने कहा, “हमें न्याय चाहिए।”

परिजनों ने आरोप लगाया कि जसविंदर सिंह के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। उन्होंने रविवार को जम्मू में विरोध प्रदर्शन कर न्याय की मांग की। जसविंदर की पत्नी ने भी मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments