scorecardresearch
Monday, 27 October, 2025
होमदेशठाणे में झगड़े के बाद लड़के ने किशोरी को आग लगाई

ठाणे में झगड़े के बाद लड़के ने किशोरी को आग लगाई

Text Size:

ठाणे, 27 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में झगड़े के बाद एक किशोर ने 17 वर्षीय एक लड़की को कथित तौर पर उसके ही घर में आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना 24 अक्टूबर को बालकुम इलाके में हुई। पीड़िता का इलाज चल रहा है जो लगभग 80 प्रतिशत जल गई है और उसकी हालत गंभीर है।

कपूरबावड़ी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक प्रवीण माने ने बताया कि 17 वर्षीय आरोपी, किशोरी का दोस्त था। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है तथा उस पर हत्या के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि यह हमला कथित तौर पर दोनों के बीच ‘पहले हुए झगड़े’ के कारण किया गया।

उन्होंने बताया कि किशोर ने लड़की के घर जाकर कथित तौर पर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और उसे आग लगा दी। लड़की के शोर मचाने के बावजूद, आरोपी मौके पर ही मौजूद रहा और उसने उसे बचाने की कोशिश नहीं की।

इसके बाद आरोपी लड़की को ठाणे के सरकारी अस्पताल ले गया जहां से उसे बाद में उपचार के लिए मुंबई के केईएम अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद किशोर को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय के सामने पेश किया गया। न्यायालय ने उसे रिमांड होम में रखने का आदेश दिया।

उन्होंने बताया कि कपूरबावड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments