scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशबोम्मई ‘मोरल पुलिसिंग’ को प्रोत्साहित कर रहे हैं : सिद्धरमैया

बोम्मई ‘मोरल पुलिसिंग’ को प्रोत्साहित कर रहे हैं : सिद्धरमैया

Text Size:

मंगलुरु, 17 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने शनिवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही नैतिक पहरेदारी (मोरल पुलिसिंग) को प्रोत्साहित कर रहे हैं जिसके कारण यह मंगलुरु शहर और उसके बाहरी इलाकों में बढ़ती जा रही है।

यहां हवाईअड्डे पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में दक्षिण कन्नड़ में नैतिक पहरेदारी की आठ घटनाएं सामने आई हैं।

असामाजिक तत्वों द्वारा इस तरह के कृत्य की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि नैतिक पहरेदारी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिद्धरमैया ने आश्चर्य जताया कि क्या मुख्यमंत्री मौजूदा कानूनों और पुलिस के कर्तव्यों से अवगत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी गतिविधियों को नहीं होने देना चाहिए।

मंगलुरु विस्फोटों पर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) अध्यक्ष डी के शिवकुमार के बयान की चौतरफा आलोचना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि भाजपा केपीसीसी प्रमुख के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है और लोगों के बीच गलत सूचना फैला रही है।

भाजपा के इस आरोप पर कि कांग्रेस के शासन के दौरान आतंकवादी गतिविधियां बढ़ी, उन्होंने पूछा कि भाजपा पिछले नौ वर्षों में देश में आतंकवाद को क्यों नहीं रोक सकी। उन्होंने पूछा, “अब उनकी यहां डबल इंजन की सरकार है और वे आतंकवादी गतिविधियों को क्यों नहीं रोक रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता राज्य की ज्वलंत समस्याओं से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं और जनता को भावनात्मक मुद्दों से भड़का रहे हैं।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments