scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशबोम्मई ने नड्डा से की मुलाकात, कर्नाटक की राजनीति पर हुई चर्चा

बोम्मई ने नड्डा से की मुलाकात, कर्नाटक की राजनीति पर हुई चर्चा

Text Size:

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार या फेरबदल की अटकलों के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को यहां भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की और माना जा रहा है कि उन्होंने राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा की।

सूत्रों ने कहा कि यह तत्काल पता नहीं चल पाया है कि बोम्मई ने अपने मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल पर विस्तार से चर्चा की या नहीं क्योंकि उनके और नड्डा के बीच बैठक “बहुत संक्षिप्त” थी।

सूत्रों ने बताया कि इससे पहले दिन में बोम्मई ने यहां भाजपा के 42वें स्थापना दिवस कार्यक्रम से इतर नड्डा के साथ संक्षिप्त बातचीत की।

हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री पर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार या फेरबदल करने का दबाव बढ़ रहा है।

कुछ विधायक अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नए चेहरों के लिए रास्ता बनाने के लिए कर्नाटक कैबिनेट के गुजरात जैसे बदलाव की भी वकालत कर रहे हैं।

राज्य मंत्रिमंडल में वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित 30 मंत्री हैं, जबकि स्वीकृत संख्या 34 है।

हाल में कर्नाटक का दौरा करने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के भाजपा नेताओं को 2023 के विधानसभा चुनावों में कुल 224 में से 150 सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया था। बीजेपी की नजर राज्य में लगातार दूसरे कार्यकाल पर है।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments