हैदराबाद, छह मार्च (भाषा) हैदराबाद में भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद शुक्रवार को वहां हाई अलर्ट कर दिया गया, हालांकि बाद में यह धमकी अफवाह साबित हुई।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरा संदेश शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे कार्यालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था और कार्यालय के कर्मचारियों ने इसे सुबह करीब साढ़े नौ बजे देखने के बाद अधिकारियों को सूचित किया।
ईमेल में दावा किया गया था कि आईएमडी कार्यालय में छह स्थानों पर बम लगाए गए थे, जो फट जाएंगे।
पुलिस के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सूचना मिलने के बाद गहन जांच की गई और धमकी को फर्जी घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
यहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अदालत और तेलंगाना उच्च न्यायालय को भी पिछले महीने बम से उड़ाने संबंधित झूठी धमकियां मिली थीं।
भाषा
यासिर माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
