scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशबीड में 17 वर्षीय ‘विवाहित’ लड़की का शव कुएं में मिला

बीड में 17 वर्षीय ‘विवाहित’ लड़की का शव कुएं में मिला

Text Size:

बीड, पांच अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में पिछले तीन दिन से लापता 17 वर्षीय एक ‘‘विवाहित’’ लड़की का शव एक कुएं से मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि किशोरी का शव धारूर तहसील में मिला। उसने बताया कि लड़की की एक साल पहले वडवणी तहसील के एक गांव में रहने वाले युवक से कथित तौर पर शादी हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, वह शादी के बाद शुरुआती छह महीने अपने ‘‘ससुराल में रही और इसके बाद कासारी स्थित अपने मायके’’ लौट आई।

उन्होंने बताया कि उसके अपने मायके लंबे समय तक रहने का कारण अभी पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने बताया कि लड़की तीन दिन पहले लापता हो गई थी जिसके बाद उसके पिता ने धारूर पुलिस के पास गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एक अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि मौत के समय लड़की की उम्र 17 साल 10 महीने थी।

उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि एक साल पहले जब उसकी ‘‘शादी’’ कराई गई थी तब वह 16 साल की थी।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में उसकी शादी की पुष्टि होती है तो उसके माता-पिता एवं ससुराल पक्ष, दोनों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शव को विस्तृत फोरेंसिक विश्लेषण के लिए अंबाजोगाई के स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं रुग्णालय भिजवाया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके।’’

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments