जयपुर, दो मार्च (भाषा) रजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड के मीना बड़ौदा गांव में सोमवार को एक घर में बने पानी के टैंक में तीन बच्चों के शव मिले, जिसके बाद उनकी मां ने एक ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस उपाधीक्षक गिर्राज मीना ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में गृह क्लेश का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संगीता, उसकी बेटी दिव्या (5), भारती (3) तथा डेढ़ वर्षीय पुत्र दीपक के तौर पर हुयी है।
उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे मीना बड़ौदा गांव में एक घर में पानी के टैंक में बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली थी, वहां पहुंचकर शवों को टैंक से बाहर निकाला गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्चों की मां संगीता लापता थी, इस पर उसकी तलाश की तो पता चला एक महिला रविवार रात को करीब आठ बजे भरतपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूद गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद उसे भरतपुर से जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल लाया गया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बच्चों की मौत डूबने से हुई है या फिर उन्हें मारा गया है।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि संगीता के भाई एवं करौली जिला निवासी अखिलेश ने अपने जीजा प्रवीण, बहन के देवर राकेश, देवरानी कविता और सास कमला आदि के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बच्चों को मारने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक दिन पहले महिला और बच्चों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। फिलहाल, महिला का शव सवाई मानसिंह अस्पताल में है और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पति, देवर व सास को हिरासत में लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि संगीता ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट करने तथा घर से निकालने के आरोप लगाए थे और कहा था कि उसकी मौत के जिम्मेदार वही होंगे।
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
