scorecardresearch
Sunday, 24 August, 2025
होमदेशभगवान राम का आशीर्वाद और जनता का स्नेह मुझे सुरक्षित रखता है: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

भगवान राम का आशीर्वाद और जनता का स्नेह मुझे सुरक्षित रखता है: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद और जनता का स्नेह उन्हें सुरक्षित रखता है।

मुख्यमंत्री पर कुछ दिन पहले सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था।

उन्होंने शालीमार बाग में दो रामलीलाओं के शिलान्यास समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “रामराज्य की स्थापना न्यायपूर्ण, पारदर्शी और जनकल्याण पर केंद्रित शासन का प्रतीक है।”

गुप्ता ने कहा, “इसे प्राप्त करने के लिए विनाशकारी शक्तियों का सामना करना आवश्यक हो जाता है। भगवान राम ने मुझे दिल्ली को रामराज्य के पथ पर ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम की कृपा उन्हें शक्ति और साहस प्रदान करती है।

उन्होंने हाल ही में खुद पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान राम का आशीर्वाद एवं लोगों का स्नेह उन्हें सुरक्षित और मजबूत बनाए रखेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला का हर पात्र जीवन की गहरी सीख देता है।

गुप्ता ने कहा, “जब भी हम मंच पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण या माता कैकेयी जैसे पात्रों को देखते हैं, तो हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास होता है।”

उन्होंने कहा, “इसलिए सदियों से देश भर में हजारों रामलीलाओं का आयोजन हमें जीवन में बेहतर राह दिखाने के लिए किया जाता रहा है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस वर्ष रामलीला समारोह पहले से कहीं अधिक भव्य और आध्यात्मिक रूप से उत्थानकारी होंगे।

उन्होंने कहा कि आयोजन प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए सभी अनुमतियां प्रदान करने के संबंध में जिलाधिकारियों के नेतृत्व में जिलास्तरीय एकल-खिड़की प्रणाली शुरू की गई है।

गुप्ता ने कहा कि रामलीला मंचन के लिए भूमि सुरक्षा जमा राशि 20 रुपये प्रति वर्ग मीटर से घटाकर 15 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा रामलीला मंचन के साथ-साथ मनोरंजन सुविधाओं के लिए निर्धारित क्षेत्र आवंटित भूमि का 40 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के महापौर राजा इकबाल सिंह के साथ लाल किला परेड ग्राउंड में होने वाले नव श्री धार्मिक लीला समिति के ‘भूमि पूजन’ में भाग लिया।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments