scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशभाजयुमो ने कांग्रेस नेता पर मतदान संबंधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया, शिकायत दर्ज कराई

भाजयुमो ने कांग्रेस नेता पर मतदान संबंधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया, शिकायत दर्ज कराई

Text Size:

कन्नूर, 11 अप्रैल (भाषा) केरल में भाजयुमो के एक नेता ने कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें आरोप लगाया गया है कि सांसद ने विधानसभा चुनाव में मतदान करते समय नियमों का उल्लंघन किया।

केरल विधानसभा चुनाव बृहस्पतिवार को संपन्न हुआ तथा सभी 140 सीट के नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा, भाजयुमो के नेता के. शिजिल ने सुधाकरन और उनके सहायक जयंत दिनेश के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

भाजयुमो के अनुसार, सुधाकरन अपने सहयोगी दिनेश के साथ कन्नूर के किझुन्ना स्थित एक स्कूल में बने मतदान केंद्र में दाखिल हुए।

भाजयुमो का आरोप है कि दिनेश, सुधाकरन के साथ ईवीएम तक गए और जब कांग्रेस नेता मतदान कर रहे थे, तो वह उनके बगल में खड़े रहे।

भाजयुमो नेता ने यह भी दावा किया कि दिनेश मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे थे।

युवा मोर्चा के नेताओं ने बताया कि उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत के साथ घटना का वीडियो सौंप दिया है और वे कन्नूर के सांसद सुधाकरन के खिलाफ जांच और कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया था तथा मतदाताओं के लिए उनके उपकरण बाहर जमा कराने की व्यवस्था की गई थी।

भाषा

प्रचेता नेत्रपाल संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments