जयपुर, छह सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जयपुर के चौमू सर्किल पर कांग्रेस पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा के बयान के विरोध में प्रदर्शन किया और कांग्रेस का पुतला जलाया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के लिए बढ़े लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग करके चौमू हाउस सर्किल पर ही रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने चौमू हाउस सर्किल पर कांग्रेस का पुतला जलाया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंकित गुर्जर चेची ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, “कांग्रेस की मानसिकता पूर्ण रूप से विकृत हो चुकी है। हम कांग्रेस के उस दोहरे चरित्र का पुतला दहन कर रहे हैं जो राजस्थान में देश विरोधी माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे है।”
उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्य और राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा उस समय विवादों में घिर गईं थी जब उन्होंने यहां एक बैठक में पार्टी सदस्यों को ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाने से कथित तौर पर रोका।
मिश्रा ने कहा, ‘‘अगर आपको नारे लगाने का शौक है तो कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगाइए।’’
भाषा कुंज पृथ्वी नोमान
नोमान
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.