scorecardresearch
Monday, 12 January, 2026
होमदेशभाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई अध्यक्ष ने अयोध्या से 2027 के चुनाव का बिगुल फूंका

भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई अध्यक्ष ने अयोध्या से 2027 के चुनाव का बिगुल फूंका

Text Size:

अयोध्या (उप्र), 12 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए सोमवार को यहां से बिगुल फूंकते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में सत्ता में फिर से काबिज होगी।

चौधरी का इस जिले में प्रवेश पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनके जैसे ‘‘एक छोटे कार्यकर्ता’’ को इस पार्टी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी देने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का प्यार 2027 के चुनावों में भी देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी भाजपा कार्यकर्ताओं को भ्रमित नहीं कर सका और ना ही उनके संकल्प को कमजोर कर सका। मोदी और योगी सरकारों के काम और इस संगठन की ताकत के आधार पर भाजपा फिर से बहुमत की सरकार बनाएगी।’’

अयोध्या दौरा में चौधरी को अवध के 14 जिलों की 86 विधानसभा सीट पर चर्चा करनी थी और कार्यकर्ताओं के साथ जीत के लिए पार्टी का खाका साझा करना था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस क्षेत्र से 63 विधायकों और सात मंत्रियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर चौधरी ने बताया कि उन्होंने अयोध्या में हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा अर्चना कर सभी के लिए कल्याण और शांति की कामना की।

भाषा सं राजेंद्र सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments