scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशभाजपा की बुलडोजर सरकार ने गरीबों का घर तोड़ा : बसपा नेता

भाजपा की बुलडोजर सरकार ने गरीबों का घर तोड़ा : बसपा नेता

Text Size:

गाजियाबाद (उप्र), सात अप्रैल (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय समन्वयक एवं स्टार प्रचारक आकाश आनन्द ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गरीबों के घरों को बुलडोजर से ढहाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि भाजपा को इस बात का गर्व है कि वह उत्तर प्रदेश में बुलडोजर सरकार चला रही है, जबकि यह सरकार सिर्फ गरीबों का घर तोड़ रही है।

बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे एवं उनके घोषित उत्तराधिकारी आकाश आनन्द ने वृन्दावन गार्डन में पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य की भाजपा सरकार यह कहने में गर्व महसूस करती है कि उन्हें बुलडोजर सरकार कहा जाता है।’’

आनन्द ने कहा, ‘‘ उन्हें बुलडोजर की सरकार कहा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने गरीबों का घर तोड़ा है। यह गर्व करने की बात नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ अगर उन्होंने गुंडों और माफियाओं के अवैध धंधों पर बुलडोजर चलाया होता तो हम भी निश्चित रूप से इसकी प्रशंसा करते।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अगले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस तरह की कार्रवाई का जवाब देना होगा।

बसपा नेता ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी हमला किया और कहा, ‘‘ लाल टोपी वाले (सपा वाले) साइकिल पर आए और वोट ले गए और फिर पांच साल तक युवाओं को बेवकूफ बनाया।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासन में गरीबों और दलित समुदाय के लोगों को परेशान किया गया और नेतृत्व इस पर चुप रहा।

आनन्द ने कहा, ‘‘ जो आपके अधिकारों के लिए नहीं बोल सकते, उनका आपके वोटों पर कोई अधिकार नहीं है।’’

भाषा सं आनन्द खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments