scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशअन्य राज्यों से भाजपा कार्यकर्ता असम में मतदान करने के लिए आ रहे: गौरव

अन्य राज्यों से भाजपा कार्यकर्ता असम में मतदान करने के लिए आ रहे: गौरव

Text Size:

जोरहाट (असम), सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मंगलवार को आरोप लगाया कि अन्य राज्यों से भाजपा कार्यकर्ता राज्य में आकर विधानसभा चुनाव में मतदान करने की कोशिश कर रहे हैं।

गोगोई ने जोरहाट में रोड शो के दौरान संवाददाताओं से कहा, “जैसा कि मैंने पहले कहा था, उत्तर प्रदेश और बिहार से भाजपा कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में असम आ रहे हैं। उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कर लिए गए हैं और अब वे मतदान करेंगे। क्या हम इसे बर्दाश्त करेंगे? क्या वे हमारा राजनीतिक भविष्य तय करेंगे?”

उन्होंने राज्य पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी राज्य में “बिना जांच” बाहरी लोगों को बड़ी संख्या में प्रवेश करने की अनुमति क्यों दी जा रही है?

उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान बृहस्पतिवार को होना है। राज्य में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एक दशक से सत्तारूढ़ है और कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है।

गोगोई ने कहा, “भाजपा सरकार ने हमारी जमीनें सौंप दी है, सार्वजनिक धन की खुली लूट की है, हमारे लोगों को गुलामों की तरह काम करने पर मजबूर किया जा रहा है। लोगों को ऐसे तत्वों के खिलाफ सतर्क रहना होगा।”

कांग्रेस की दिसपुर उम्मीदवार और राज्य महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी ने भी सोशल मीडिया पर इसी तरह की आशंका जताई।

उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “बिहार की बसों ने सड़कों को भर दिया है! हर जागरूक नागरिक से अपील है कि मतदान केंद्रों पर नजर रखें। गलत कार्यों को रोकना जनता का कर्तव्य है!”

कांग्रेस ने चुनाव से पहले राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी संदेह जताया था।

दस फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 2.49 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए, जो मसौदा सूची की तुलना में 0.97 प्रतिशत कम है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments