सतना, 27 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा की तरह महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज करेगी।
यादव ने चित्रकूट में विद्या भारती के एक खेल महोत्सव का उद्घाटन करने के अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का भविष्य उज्ज्वल है और भाजपा ‘जीत की ओर बढ़ रही है’।
उन्होंने कहा, ‘‘हम महाराष्ट्र और झारखंड में भी उसी तरह जीत दर्ज करेंगे, जैसे हमने हरियाणा में जीत हासिल की। मैं अपने उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए झारखंड जाऊंगा।’’
झारखंड में दो चरणों (13 और 20 नवंबर) में और महाराष्ट्र में एक चरण (20 नवंबर) में विधानसभा चुनाव होंगे। दोनों राज्यों के नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चित्रकूट आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं बेहतर की जाएंगी, जहां भगवान राम ने अपने 14 साल के वनवास काल का बड़ा हिस्सा बिताया था। उन्होंने कहा कि चित्रकूट को उज्जैन के महाकाल धाम की तर्ज पर भव्य और दिव्य बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार विभिन्न स्थानों पर गोवर्धन पूजा भी मनाएगी।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.