scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 125 सीट जीतेगी भाजपा: शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 125 सीट जीतेगी भाजपा: शुभेंदु अधिकारी

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 91.78 प्रतिशत के उच्च मतदान का हवाला देते हुए अनुमान जताया कि भाजपा इस चरण की 152 सीट में से 125 सीट जीतेगी।

पहले चरण के मतदान के समापन के बाद विपक्ष के नेता तथा नंदीग्राम और भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्रों से भाजपा प्रत्याशी अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में निर्णायक जनादेश प्राप्त करने वाली है।

उन्होंने सुचारू मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग को श्रेय दिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘भाजपा इस चरण में ही लगभग 125 सीट हासिल कर लेगी।’’

आज पहले चरण में 3.6 करोड़ मतदाताओं में से कुल 91.87 प्रतिशत ने वोट डाला।

अधिकारी ने मतदान के रुझानों पर भी चर्चा की और बताया कि राज्य में सत्ताधारी दल के खिलाफ भारी जनविरोधी लहर के चलते अल्पसंख्यक वोट एकजुट होते दिख रहे हैं, लेकिन ‘‘परिणाम आने पर ही पता चलेगा कि हिंदू मतदाताओं का एक बड़ा बहुमत – लगभग 85 प्रतिशत – भाजपा के साथ है।’’

उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में पार्टी की संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं और मुख्य चुनौती सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं द्वारा फैलाई जा रही धमकियों को रोकना है।

अधिकारी ने कहा कि ‘‘निर्वाचन आयोग की सख्ती से पहले चरण में अनुशासन बनाए रखने में मदद मिली।’’ उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह का नियंत्रण जारी रहेगा।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments