लखनऊ, 11 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रह चुके आर.पी.एन. सिंह को राज्यसभा का टिकट दिया है।
उत्तर प्रदेश की कुशीनगर से पूर्व सांसद सिंह वर्ष 1996, 2002 और 2007 में उत्तर प्रदेश की पडरौना सीट से विधायक रहे। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए 59 वर्षीय आरपीएन सिंह को पार्टी ने राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाया है।
कुशीनगर के सैंथवार शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले सिंह पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपनी बिरादरी के बड़े नेता माने जाते हैं। वह वर्ष 2009 में कुशीनगर से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और 2009 से 2011 तक केंद्र में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री रहे।
सिंह अक्टूबर 2012 तक तत्कालीन कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार में गृह राज्य मंत्री रहे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में वह कुशीनगर सीट से चुनाव लड़े लेकिन उन्हें भाजपा उम्मीदवार से पराजय का सामना करना पड़ा।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से करीब एक माह पहले जनवरी में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए।
भाषा सलीम खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.