scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशअसम में भाजपा लगाएगी हैट्रिक, लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगी : नितिन नवीन

असम में भाजपा लगाएगी हैट्रिक, लगातार तीसरी बार सत्ता में आएगी : नितिन नवीन

Text Size:

तिनसुकिया (असम), 29 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को दावा किया कि पार्टी असम में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर ‘हैट्रिक’ लगाएगी।

मार्गेरिटा से उम्मीदवार एवं मौजूदा विधायक भास्कर शर्मा के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नवीन ने पिछली कांग्रेस सरकारों पर राज्य के विकास के बजाय ‘‘वोट बैंक की राजनीति’’ में लिप्त होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा हैट्रिक लगाने वाली है। हमने पहली बार सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनाई थी, इसके बाद हिमंत विश्व शर्मा का कार्यकाल रहा। इस बार हम मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में अपनी तीसरी सरकार बनाएंगे।’’

नवीन ने कहा कि वह 2009-10 से विभिन्न पार्टी कार्यों के सिलसिले में असम आते रहे हैं और राज्य भर में व्यापक दौरे कर चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उस समय विकास की कोई चर्चा ही नहीं होती थी। जब मैं एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना चाहता था तो तनाव बना रहता था। लोग केवल हिंसा और आंदोलन की ही चर्चा किया करते थे।’’

भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि 2016 में भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में आने के बाद पूरी स्थिति बदल गई और पूरा देश असम के विकास की बात करने लगा।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम अवसरों वाला राज्य बन गया है।’’

नवीन ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली राज्य सरकार ने केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए काम किया और अपने कार्यकाल के दौरान राज्य में कोई उपलब्धि हासिल नहीं की।

भाषा

सिम्मी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments