scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशपंजाब में 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी भाजपा: शाह

पंजाब में 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी भाजपा: शाह

Text Size:

मोगा (पंजाब), 14 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां कहा कि भाजपा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार बनाने के लिए अकेले चुनाव लड़ेगी। शाह के इस बयान के बाद शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ भाजपा के फिर से गठबंधन की अटकलों पर विराम लग गया है।

शाह ने “बदलाव” रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने एक तरह से अपनी चुनावी मुहिम आज मो़गा से शुरू की है।

उन्होंने पंजाब के लोगों से कहा, ‘मैं पंजाब के लोगों से अपील करने आया हूं कि हमें अपना आशीर्वाद दें।”

भाजपा पहले अकाली दल के कनिष्ठ सहयोगी के रूप में पंजाब सरकार का हिस्सा रही है। शाह ने बिना किसी पार्टी का नाम लिए कहा, ‘जब भी हम आपके सामने आए, हम छोटे भाई के रूप में आए। हम अकेले सरकार नहीं बना सकते थे।’

शाह ने कहा, ‘मगर आज मैं कह कर जा रहा हूं कि 2027 के चुनाव में, भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार बनाने के लिए अकेले चुनाव लड़ेगी।’

किली चाहलान गांव में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब ने कांग्रेस, अकाली दल और ‘आप’ को कई मौके दिए हैं और अब भाजपा को मौका देना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘हम पंजाब में बदलाव लाएंगे।’

शाह ने बताया कि 2024 में भाजपा को 19 प्रतिशत वोट मिले।

उन्होंने कहा, ‘हमारा ट्रैक रिकॉर्ड यह है कि जहां भाजपा को 19 प्रतिशत वोट मिलते हैं, वहां अगली सरकार भाजपा की होती है। यह ओडिशा, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तराखंड में हुआ, और अब पंजाब की बारी है।’

गृह मंत्री ने याद दिलाया कि शिरोमणि अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर भाजपा के साथ 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल भाजपा के दो विधायक हैं।

अकाली दल और भाजपा पहले गठबंधन के तहत साथ चुनाव लड़ते थे। उनके चुनावी समझौते के तहत भाजपा 23 जबकि शिअद 94 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ती थी। संसदीय चुनावों में शिअद 10 और भाजपा तीन सीटों पर चुनाव लड़ती थी। शिअद-भाजपा गठबंधन ने राज्य में 1997 से 2002, 2007 से 2012, और 2012 से 2017 तक तीन बार सरकार बनाई।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments