हैदराबाद, नौ फरवरी (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर को भारत रत्न से सम्मानित करने की आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की मांग को लेकर भाजपा और संघ प्रमुख पर सोमवार को निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा तो महात्मा गांधी के हत्यारे नाथुराम गोडसे को भी देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित कर सकती है।
तेलंगाना में नगर निगम चुनाव के लिए महबूबनगर में रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद में मक्का मस्जिद के तत्कालीन इमाम मौलवी अलाउद्दीन को 1857 में पहले स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ब्रिटिश रेजिडेंसी पर हमला करने के लिए गिरफ्तार करके अंडमान द्वीप की काला पानी जेल भेज दिया गया था, जहां बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
हैदराबाद के सांसद ने सावरकर का नाम लिये बिना कहा कि आरएसएस अंग्रेजों को छह बार माफीनामा लिखने वाले व्यक्ति को भारत रत्न दिलाना चाहता है।
उन्होंने आरएसएस से सवाल किया कि काला पानी जेल का सबसे पहला कैदी कौन था।
ओवैसी ने कहा कि वह संघ परिवार का सदस्य था या एक मुसलमान।
उन्होंने कहा कि मौलवी अलाउद्दीन अंडमान की सेल्यूलर जेल के पहले कैदी थे।
महात्मा गांधी की हत्या से संबंधित जे.एल. कपूर आयोग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए ओवैसी ने सवाल किया कि क्या न्यायमूर्ति कपूर ने यह नहीं कहा था कि सावरकर, गांधी की हत्या का साजिशकर्ता था।
एआईएमआईएम प्रमुख ने दावा किया, “गांधी की हत्या की साजिश रचने वाले व्यक्ति को वह भारत रत्न दिलाना चाहते हैं। बधाई हो। देश में वह समय भी आएगा जब भाजपा गोडसे को भी भारत रत्न देगी।”
सावरकर को भारत रत्न देने की काफी समय से चली आ रही मांग पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा था कि अगर उन्हें भारत रत्न दिया जाता है तो इस पुरस्कार का गौरव बढ़ जाएगा।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
