scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशभाजपा बंगाल की संस्कृति के विपरीत माने जाने वाले स्थानों के नाम बदलेगी: नवीन

भाजपा बंगाल की संस्कृति के विपरीत माने जाने वाले स्थानों के नाम बदलेगी: नवीन

Text Size:

रायगंज (पश्चिम बंगाल), नौ अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो पश्चिम बंगाल की संस्कृति और मूल्यों के विपरीत माने जाने वाले स्थानों के नामों को बदला जाएगा।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेशियों की घुसपैठ राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डाल रही है और राज्य में भाजपा की सरकार बनने से ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित होगी और उन्हें वापस भेजा जाएगा।

उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि अलीपुरद्वार से लेकर इस्लामपुर तक राज्य के जिन स्थानों के नाम ‘पश्चिम बंगाल की संस्कृति के विपरीत’ हैं, उन्हें भाजपा सरकार में ऐसे नहीं रहने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘चार मई के बाद, इन स्थानों के नामों में बदलाव के साथ-साथ आपके जीवन में भी बदलाव आएंगे।’

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह चुनाव राज्य की ‘भ्रष्टाचार, दमन, अराजकता और ‘महाजंगलराज’ की प्रतीक तानाशाही सरकार’ और भाजपा के बीच की लड़ाई है।

उन्होंने राज्य की जनता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ वाली सरकार को चुनने का आग्रह किया ताकि राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments