scorecardresearch
Monday, 7 October, 2024
होमदेशभाजपा राममंदिर को दिखाकर लोगों को ‘भटकाने’ की कोशिश कर रही : स्टालिन

भाजपा राममंदिर को दिखाकर लोगों को ‘भटकाने’ की कोशिश कर रही : स्टालिन

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

चेन्नई, 25 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राम मंदिर के जरिये लोगों का ‘ध्यान’ भटकाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार द्वारा हिंदी को ‘थोपने’ का कारण केवल हिंदी भाषी लोगों को ‘धोखा देना’ है और भाजपा ‘कोरोना वायरस से भी अधिक खतरनाक’ है।

स्टालिन ने कहा कि केंद्र में सत्ता संभालने के बाद से भाजपा हिंदी थोप रही है और तमिल को नजरअंदाज कर रही है और ‘‘हम लगातार इसका विरोध कर रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि 2022 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली संसदीय राजभाषा समिति द्वारा की गई सिफारिशें तमिल सहित क्षेत्रीय भाषाओं के खिलाफ थीं। यह क्षेत्रीय भाषा बोलने वाले लोगों के हितों के भी खिलाफ था। द्रमुक नेता ने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा ने ऐसी सिफारिशों को लागू करने के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया।

पार्टी के ‘भाषा शहीद दिवस’ पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा, ‘‘केंद्र में भाजपा सरकार द्वारा हिंदी थोपने का कारण केवल हिंदी भाषी लोगों को धोखा देना है। भाजपा के पक्ष में कौन ज्यादा वोट कर रहा है? यह उत्तरी राज्यों के लोग हैं! क्या उन्होंने उत्तरी राज्यों में हिंदी भाषी लोगों के लिए कोई अच्छा काम किया है?’’

कोरोना वायरस महामारी की वजह से ‘अचानक’ लागू लॉकडाउन और लोगों को अपने-अपने घरों तक पहुंचने में हुई मुश्किलों और मौतों को याद करते हुए स्टालिन ने सवाल किया, ‘‘कोरोना वायरस से ज्यादा खतरनाक कौन है? यह भाजपा सरकार है।’’

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ‘हिंदी भाषी क्षेत्रों के लोग’ अपने घरों की ओर पैदल चले गए, क्या यह संवेदना है?

स्टालिन ने कहा, ‘‘वे राम मंदिर दिखाकर उन लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक हिंदी भाषी लड़का जोर देकर कह रहा है कि ‘हमें केवल शिक्षा की आवश्यकता है’। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि यह जागरूकता फैले।

स्टालिन ने कहा, ‘‘उत्तरी राज्यों की जनता अब जनता को धोखा देने की राजनीति पर विश्वास करने को तैयार नहीं है।’’ उन्होंने दावा किया कि इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तरी राज्यों में विजेता बनकर नहीं उभरेगी और ‘यह सच्चाई है।’’

द्रमुक नेता ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा खुद को बचाने के लिए धर्म का सहारा ले रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की विफलताओं और उसके ‘तमिल विरोधी’ रवैये पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments