जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन को ‘बहुत खतरनाक’ करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि देश में लोकतंत्र का क्षरण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र ही नहीं बचेगा तो आने वाली पीढ़ियों का क्या होगा। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि वह सौ साल तक प्रदेश व देशवासियों की सेवा करना चाहते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने यहां हवाई अड्डे पर मीडिया के एक सवाल के जवाब में कहा,‘‘आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का और भाजपा का आज जो शासन देश में चल रहा है वह बहुत खतरनाक है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि,‘‘खतरनाक है… सोच समझकर मैं इस शब्द का प्रयोग कर रहा हूं। न्यायपालिका पर दबाव बनाकर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), आयकर, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का दुरुपयोग किया जा रहा है। ये छापे डालते हैं… चंदा एकत्र करते हैं और बाद में छापे डालने की कार्रवाई बंद हो जाती है। लोकतंत्र पर इससे खुला हमला क्या होगा?’’
उन्होंने आगे कहा,‘‘वे (भाजपा कार्यकर्ता) चाहते हैं उनकी हर बात मुद्दा बने। कांग्रेस विरोध करे और हम कहें कि यह हिंदू व मुसलमान की बात है।’’
गहलोत ने कहा,‘‘सबको मालूम है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) व भाजपा एक है। आरएसएस की एक शाखा है भाजपा।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में लोकतंत्र नहीं बचेगा तो आने वाली पीढ़ियों व देश का क्या होगा।
भाजपा के एक नेता द्वारा 75 साल का होने के कारण गहलोत को राजनीति से हटने की सलाह पर गहलोत ने हंसते हुए कहा,‘‘मैं तो कह चुका हूं कि यह मानक मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के लिए लागू होगा। मैं तो 100 साल तक जनसेवा करना चाहता हूं।’’
गहलोत ने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि वे ऊपर से मिले निर्देशों का पालन करते हैं और उसी के अनुसार मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता व सरकार ‘इंतजार शास्त्र’ के तहत उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों का जवाब देने के बजाय गोलमाल बातें कर रहे हैं।
गहलोत ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सीधे जवाब देने से बचने और इसके बजाय ध्यान भटकाने की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया।
केरल विधानसभा चुनाव संबंधी एक सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि वहां मुख्यमंत्री के खिलाफ ‘सरकार विरोधी’ भावना बहुत ज्यादा है और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) चुनाव जीतेगा।
भाषा पृथ्वी संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
