scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशभाजपा ने बंगाल चुनाव से पहले बेरोजगार युवाओं के लिए ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ जारी किया

भाजपा ने बंगाल चुनाव से पहले बेरोजगार युवाओं के लिए ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ जारी किया

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, 16 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में विपक्षी भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान के तहत बृहस्पतिवार को ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ जारी किया, जिसमें बेरोजगार युवाओं को 3,000 रुपये की मासिक सहायता के लिए पंजीकरण करने के वास्ते आमंत्रित किया गया है।

भाजपा ने वादा किया है कि अगर इस बार पश्चिम बंगाल में उसकी सरकार बनी तो बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष इंद्रनील खान की उपस्थिति में खेल जगत की दिग्गज हस्तियों लिएंडर पेस और विजेंद्र सिंह ने ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ जारी किया।

भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में राज्य के बेरोजगार युवाओं को 3,000 रुपये प्रति माह देने के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को 15,000 रुपये की एकमुश्त सहायता देने का भी वादा किया है।

इन वादों को तृणमूल सरकार की ‘बंग्लार युवा साथी’ योजना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, जिसके तहत बेरोजगार युवाओं को प्रति माह 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। यह योजना विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई थी।

भाजपा में हाल में शामिल हुए पेस ने कहा, ‘‘जब तक युवाओं को नौकरी नहीं मिल जाती, हम उन्हें 3,000 रुपये की सहायता देंगे ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। हम बंगाल को महान बनाने के लिए युवाओं के साथ खड़े रहेंगे।’’

वहीं, सिंह ने कहा कि खेल संबंधी बुनियादी ढांचे और खिलाड़ियों को मिलने वाले समर्थन के मामले में पश्चिम बंगाल अन्य राज्यों से पीछे है।

उन्होंने दावा किया, “हरियाणा और बंगाल में खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों में बहुत बड़ा अंतर है। यहां कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उचित समर्थन और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण पिछड़ रहे हैं।”

भाजपा ने कहा कि यह ‘कार्ड’ केवल बेरोजगारी भत्ते तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें कौशल विकास और स्वरोजगार के लिए समर्थन भी शामिल होगा।

भाषा नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments