(तस्वीरों के साथ)
पणजी, 30 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदभार संभालने के बाद गोवा के अपने पहले दौरे के दौरान शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक की अध्यक्षता की।
गोवा के दो दिवसीय दौरे पर आए नवीन सुबह मोपा में मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष दामोदर नाइक और अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
बाद में वह पणजी में भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
कार्यकर्ताओं को अपने संक्षिप्त संबोधन में नवीन ने सभी को स्वागत के लिए धन्यवाद दिया और कोर कमेटी की बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं को 30 मिनट से अधिक समय तक संबोधित किया।
पार्टी की कोर कमेटी में मुख्यमंत्री सावंत, नाइक, मंत्रीगण और चुनिंदा पदाधिकारी शामिल हैं।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन दक्षिण गोवा में पार्टी की बैठकों को भी संबोधित करने वाले हैं।
भाजपा शासित गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
शाम को नवीन भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगियों से मिलने वाले हैं, जिनमें महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और राज्य में सावंत के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करने वाले निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख ने बृहस्पतिवार को कहा था, ‘‘नवीन की यात्रा गोवा में बूथ स्तर पर भाजपा के संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’
भाषा गोला दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
