बेंगलुरु, छह मार्च (भाषा) कर्नाटक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के विधायक मदल विरूपक्षप्पा ने रिश्वत के मामले में अग्रिम जमानत के लिये सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया ।
प्रदेश की चन्नागिरी सीट से विधायक विरुपक्षप्पा के अधिवक्ता ने उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति के नटराजन की अगुवाई वाली पीठ से याचिका पर त्वरित सुनवाई का आग्रह किया। अदालत ने कहा कि मामले के सूचीबद्ध होने के बाद मंगलवार को पीठ इसकी सुनवाई करेगी।
लेाकायुक्त ने कथित रूप से ठेके के बदले नकद घोटाले के सिलसिले में विधायक के पुत्र वी प्रशांत मदल के पास से पिछले सप्ताह आठ करोड़ रुपये से अधिक नकदी की बरामदगी की थी ।
लोकायुक्त ने कथित रिश्वत मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की थी जिसमें विरूपक्षप्पा को आरोपी नंबर एक बनाया गया है।
यह बेहिसाब नकदी कर्नाटक सोप्स एंड डिटर्जेंट लिमिटेड कंपनी के कार्यालय से बरामद हुयी थी जिसके अध्यक्ष विरूपक्षप्पा हैं । लोकायुक्त ने जाल बिछा कर यह अभियान चलाया था जिसमें विरूपक्षप्पा का बेटा प्रशांत 40 लाख रुपये की रिश्वत कथित तौर पर लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था । विधायक ने बाद में पद छोड़ दिया था ।
विरुपक्षप्पा ने बेंगलुरु में एक दीवानी अदालत का भी दरवाजा खटखटाया है, जिसमें मीडिया घरानों के खिलाफ उनके बारे में मानहानिकारक खबरें प्रकाशित करने पर रोक लगाने की मांग की गई है।
कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रिश्वतखोरी मामले में आज भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘मैसूर सैंडल सोप ब्राइबगेट का चौथा दिन । भाजपा विधायक मदल विरूपक्षप्पा अब भी लापता । अगर (मुख्यमंत्री बसवराज) बोम्मई सरकार एक भगोड़े विधायक को भी गिरफ्तार नहीं कर सकती है तो यह कैसे कर्नाटक में कानून व्यवस्था एवं अपराधियों से निपटेगी। जल्दी ही इस रिश्वतकांड पर और खुलासे करूंगा । मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के लिए अब पद छोड़ने का समय आ गया है।’’
उन्होंने जानना चाहा कि इस घोटाले में क्या कुछ और लोग भी शामिल हैं ।
सुरजेवाला ने पूछा, ‘‘क्या भाजपा विधायक के बेटे प्रशांत मदल तीन मार्च को गिरफ्तार किए जाने पर एक कागज खा गये थे ? क्या पर्ची पर भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) यतीश चंद्र का नाम लिखा था ? क्या पर्ची पर दो नेताओं के बच्चों के नाम भी थे ? पैसे कौन ले रहा था ?’’
भाषा रंजन मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
