जालना (महाराष्ट्र), 30 मार्च (भाषा) सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप सामने आई है जिसमें भारतीय जनता पार्टी के विधायक बबनराव लोनिकर को कथित रूप से महाराष्ट्र राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) के एक अधिकारी को धमकाते सुना जा सकता है।
कथित क्लिप में लोनिकर औरंगाबाद में अपने बंगले की बिजली काटे जाने पर कर्मचारी को आयकर विभाग के छापे की धमकी दे रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार में पूर्व मंत्री लोनिकर ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि ऑडियो क्लिप फर्जी है और इसके जरिये उनकी छवि बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
फोन पर हुई कथित बातचीत की ऑडियो क्लिप में सुना जा सकता है कि राज्य के जालना जिले के परतुर से विधायक लोनिकर, एमएसईडीसीएल के एक अधिकारी से कह रहे हैं कि औरंगाबाद में उनके बंगले की बिजली काट दी गई और मीटर का बक्सा निकाल दिया गया जबकि उन्होंने इस साल 10 लाख रुपये का बिल भरा था।
कथित क्लिप में यह भी सुना जा सकता है कि नेता ने कर्मचारी के यहां आयकर विभाग के छापे की धमकी दी। ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद भाजपा नेता लोनिकर ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने न तो एमएसईडीसीएल के किसी अधिकारी से बात की और न उसे धमकी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘ ऑडियो क्लिप फर्जी है और इसे मेरी छवि बिगाड़ने के उद्देश्य से बनाया गया है। एमएसईडीसीएल ने लोनिकर आवास की बिजली नहीं काटी इसलिए किसी कर्मचारी को धमकी देने का सवाल ही पैदा नहीं होता।”
भाषा यश नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
