scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशउदयपुर हत्याकांड के अभियुक्त के साथ संबंधों के आरोपों पर रुख स्पष्ट करें भाजपा नेता: गहलोत

उदयपुर हत्याकांड के अभियुक्त के साथ संबंधों के आरोपों पर रुख स्पष्ट करें भाजपा नेता: गहलोत

Text Size:

जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं को उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की हत्या के अभियुक्त के उनकी पार्टी के साथ संबंध होने के आरोपों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

गहलोत ने इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त के भाजपा नेताओं के साथ कथित संबंधों की मीडिया रिपोर्ट की ओर इशारा करते हुए यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त के किनसे संबंध हैं.. उसके भाजपा के साथ किस रूप में और किस स्तर के संबंध रहे हैं, सबको यह मालूम है।’’

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हाल में खबर आई कि इस कांड का मुख्य अभियुक्त जिस किराये के कमरे में रहता था, उसके मकान मालिक ने पुलिस में शिकायत की थी कि वह (आरोपी) उसे तंग करता है।

गहलोत ने कहा कि मकान मालिक ने शिकायत की थी कि ‘‘पता नहीं कौन-कौन लोग मेरे (मकान मालिक के) घर पर आते हैं… धमकाते हैं और वे किराया नहीं दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई से पहले ही भाजपा नेताओं ने थाने में फोन कर दिया कि वह (आरोपी) उनका कार्यकर्ता है, इसलिए उसे तंग न किया जाए।

गहलोत ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा नेताओं को इन आरोपों पर अपना जवाब देना चाहिए और स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा,‘‘… जिस व्यक्ति ने इतना जघन्य अपराध किया है, वह किन लोगों की गोद में बैठा हुआ था… उसके किन लोगों के साथ संबंध थे, यह बात जगजाहिर हो चुकी है।’’

गहलोत ने जयपुर में विपक्षी दलों की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के संवाददाता सम्मेलन के दौरान उदयपुर की घटना से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए उक्त बात कही।

उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट को लेकर उदयपुर में 28 जून को कन्हैयालाल की उसकी दुकान में दो लोगों ने निर्मम हत्या कर दी थी। आरोपी रियाज अख्तरी और गौस मोहम्मद को घटना के कुछ घंटों बाद पकड़ लिया गया था। इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और वर्तमान में सभी सातों आरोपी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की हिरासत में हैं ।

सोशल मीडिया पर मुख्य आरोपी रियाज अख्तरी की प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया सहित कुछ भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई थीं, जिसके बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि आरोपी (रियाज) भाजपा का कार्यकर्ता है। भाजपा इस आरोप का खंडन कर चुकी है।

भाषा कुंज सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments