scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशभाजपा नेता शेरगिल ने पंजाब में बाढ़ के समय छत्तीसगढ़ दौरा करने के लिए मुख्यमंत्री मान की निंदा की

भाजपा नेता शेरगिल ने पंजाब में बाढ़ के समय छत्तीसगढ़ दौरा करने के लिए मुख्यमंत्री मान की निंदा की

Text Size:

चंडीगढ़, 20 अगस्त (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ऐसे समय पर छत्तीसगढ़ दौरा करने को लेकर निंदा की, जब पंजाब फिर से बाढ़ का सामना कर रहा है।

शनिवार को मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया था। इस साल के अंत तक छत्तीसगढ़ विधानसभा का चुनाव होना है।

रविवार को यहां जारी एक बयान में शेरगिल ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे समय में जब पंजाब बाढ़ से प्रभावित है और भारी तबाही हुई है, मान अपने ‘‘सुपर बॉस’’ को खुश करने के लिए चुनाव वाले राज्यों का दौरा करने में व्यस्त हैं।

शेरगिल ने कहा, पंजाब को एक ‘‘मुख्यमंत्री की जरूरत है, अभियान मंत्री की नहीं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि मान अपनी अन्य राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के चलते पंजाब के हितों की पूरी तरह से अनदेखी कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, ‘‘मान का केवल एक ही एजेंडा है और वह है केजरीवाल की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करना, जो राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें चुनाव वाले राज्यों में ‘फर्जी’ पंजाब मॉडल दिखाने के लिए ले जाते हैं।’’

शेरगिल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल पूरे भारत में आम आदमी पार्टी का विस्तार करने के लिए मान का ‘‘उपयोग’’ कर रहे हैं।

भाषा शफीक संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments