कलबुर्गी (कर्नाटक), 16 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कर्नाटक में उनकी पार्टी की सरकार को गिराकर सत्ता हथियाने का प्रयास करने का बुधवार को आरोप लगाते हुए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं से सतर्क रहने तथा आंतरिक मतभेदों को दूर कर एकजुट रहने को कहा।
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोप पत्र को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि ऐसी चीजों से न तो पार्टी और न ही उसका नेतृत्व डरेगा और न ही झुकेगा, बल्कि देश और देशवासियों के कल्याण के लिए आवाज उठाता रहेगा।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘आपने (भाजपा ने) देश के लिए क्या किया है? केवल ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई का इस्तेमाल करते हैं और डर पैदा करने की कोशिश करते हैं। जहां भी कांग्रेस सत्ता में है, वे वहां की सरकारों को गिराकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं।’
उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में भी इसी तरह की कोशिशें की जा रही हैं। खरगे ने कहा, ‘यहां हमारे लोगों (कांग्रेस) को सतर्क रहना चाहिए। आपके बीच चाहे जो भी आंतरिक मतभेद हों, आपको एकजुट रहना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मोदी और शाह मिलकर गरीब लोगों को निगल जाएंगे। लोगों की रक्षा के लिए आपको सत्ता दी गई है। उनकी रक्षा करना आपके हाथ में है। वे (भाजपा) वहां बैठे हैं, लूट रहे हैं और दरार पैदा कर रहे हैं।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘भाजपा कांग्रेस नेताओं को डराने की कोशिश करती है, लेकिन हम न डरेंगे और न ही झुकेंगे। हम हमेशा आपके आशीर्वाद और समर्थन से लड़ेंगे। हम देश को एकजुट रखेंगे, देश का निर्माण करेंगे और भाजपा सरकार को बाहर करेंगे।’
खरगे यहां राज्य सरकार द्वारा आयोजित एक नौकरी मेले को संबोधित कर रहे थे जिसमें मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और राज्य के कई मंत्री शामिल हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का ध्यान ईडी, सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और सीवीसी (केंद्रीय सतर्कता आयोग) का इस्तेमाल कर अन्य राजनीतिक दलों के महत्वपूर्ण नेताओं को निशाना बनाने पर अधिक है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार 1937 में पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा देश के लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के प्रति जागरूक करने के लिए शुरू किया गया था। इसके साथ ही दो अन्य भाषाओं के अखबार भी शुरू किए गए थे।
उन्होंने कहा, ‘ऐसी संस्था जिसने देश के लिए काम किया, उस पर ईडी से जांच करने को कहा गया और सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया। यह शर्मनाक है…आप ईडी से सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोपपत्र दायर करवाकर हमें नहीं डरा सकते। हम और हमारे नेता ऐसी चीजों के कारण कभी नहीं झुकेंगे और हमेशा देश की भलाई के लिए काम करेंगे।’
कांग्रेस पर बी.आर आंबेडकर का अपमान करने का बार-बार आरोप लगाने के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रमुख ने पूछा, ‘क्या आरएसएस और भाजपा उनसे प्रेम करते थे और उनका सम्मान करते थे? नहीं….’
उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस ने आंबेडकर को संविधान की मसौदा समिति का अध्यक्ष बनाया और उनके द्वारा दिया गया संविधान आज भी जीवित है। यह आप लोग (भाजपा) हैं जो आज उस संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
खरगे ने भाजपा पर देश और समाज को बांटने तथा धर्मों के बीच दरार पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
बाद में एक अन्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि लोगों को उनके द्वारा सरकारी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की आलोचना करने पर आपत्ति हो सकती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री ने हरियाणा में एक सरकारी कार्यक्रम में बोलते हुए कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकारों की आलोचना की थी।
उन्होंने कहा, ‘जब मोदी एक सरकारी समारोह में ऐसी बात कह सकते हैं, तो मैं (राज्यसभा में)विपक्ष का नेता और यहां से पूर्व सांसद और विधायक होने के नाते ऐसा क्यों नहीं कर सकता। अगर मैं यहां के लोगों को सच नहीं बताऊंगा, तो यह मेरी गलती होगी।’
कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि केंद्र सरकार बार-बार कांग्रेस को दोषी ठहराने या उसकी आलोचना करने की कोशिश करती है।
उन्होंने कहा, ‘कोई भी मुद्दा हो, वे हर चीज के लिए कांग्रेस, सोनिया गांधी, राहुल गांधी की आलोचना करते हैं। आप (भाजपा/केंद्र सरकार) अपना काम करें…राहुल गांधी के पिता (राजीव गांधी) और दादी (इंदिरा गांधी) ने देश के लिए जान दे दी और ऐसे लोगों के सदस्यों पर आप ईडी का मामला दर्ज कर रहे हैं।’
खरगे ने कहा कि गुलबर्गा (कलबुर्गी) संभाग या कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में कोई एम्स अस्पताल नहीं है और उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को कई पत्र लिखे हैं। बार-बार अनुरोध के बावजूद वे कलबुर्गी के प्रति अपनी सहानुभूति नहीं दिखा रहे हैं।
भाषा
नोमान माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.