जयपुर, 28 फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य की “डबल इंजन सरकार” समाज के प्रत्येक वर्ग को राहत दे रही है और विकास के लिए निरंतर काम कर रही है।
राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए शर्मा ने कहा कि उन्होंने (मोदी) वैश्विक मंचों पर देशवासियों का मान बढ़ाया है।
शर्मा ने अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस सभा को प्रधानमंत्री मोदी ने भी संबोधित किया।
प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करते हुए शर्मा ने कहा कि मोदी ने दुनिया में अब तक 29 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत होकर विश्व मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में ‘एआई समिट’ में पूरे विश्व ने देखा कि भारत भविष्य के लिए तैयार है।
शर्मा ने कहा, ”प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत अब वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव रहा है और वह जब भी राजस्थान आते हैं हमेशा प्रदेश को विकास की अनेक सौगातें देते हैं। उनके मार्गदर्शन में हमारी ‘डबल इंजन’ की सरकार विकास के लिए निरंतर काम कर रही है।
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार को ‘कतई न बर्दाश्त’ करने की नीति पर काम कर रही है और पूर्ववर्ती सरकार के समय हुए ‘पेपरलीक’ के माफिया अब गिरफ्त में हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने भी ‘विकसित राजस्थान 2047’ का विजन दस्तावेज जारी किया है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने इस वर्ष के बजट में वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री के सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति से जल बंटवारों से जुड़े विवादों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना नदी का पानी लाने की परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। वहीं, रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं से 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन में भी राज्य सरकार ने गत दो साल में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन दिए हैं। साथ ही, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत चार लाख से अधिक भू जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है।
शर्मा ने कहा कि देश की 11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर, पांच में दूसरे और सात योजनाओं में तीसरे स्थान पर है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में अपराधों में औसतन 14 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में भी 10 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में अब तक दर्जनभर से अधिक नीतियां लागू की गई हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा तथा सांसद मदन राठौड़ भी मौजूद थे।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
