scorecardresearch
Thursday, 27 June, 2024
होमदेशभाजपा ने उत्तराखंड में दुष्कर्म के आरोपी सहित नौ विधायकों के टिकट काटे

भाजपा ने उत्तराखंड में दुष्कर्म के आरोपी सहित नौ विधायकों के टिकट काटे

Text Size:

देहरादून, 20 जनवरी (भाषा) उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को जारी पहली सूची में सत्ताधारी भाजपा ने दुष्कर्म के आरोपी द्वाराहाट सीट से विधायक महेश नेगी और पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की पुत्री ऋतु खंडूरी सहित नौ विधायकों का टिकट काटकर नए चेहरों पर भरोसा जताया है।

राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 14 फरवरी को होने हैं और भाजपा ने आज 59 प्रत्याशियों की अपनी पहली सूची जारी की है।

भाजपा ने प्रदेश की 70 सीटों में से 11 पर अभी अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। इनमें से ज्यादातर सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा से और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार से चुनाव लड़ेंगे। इस सूची में मंत्रियों सहित अधिकतर विधायकों को शामिल किया गया है।

हालांकि, बलात्कार के आरोपी अल्मोडा जिले की द्वाराहाट सीट से विधायक महेश नेगी को लेकर असहज रही भाजपा ने उनका टिकट काटकर वहां से अनिल शाही को चुनाव लडने का मौका दिया है। इसके अलावा, यमकेश्वर से विधायक ऋतु खंडूरी के स्थान पर रेनू बिष्ट को उतारा गया है।

भाजपा का टिकट पाने में विफल रहे अन्य विधायकों में थराली से मुन्नी देवी, कर्णप्रयाग से सुरेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से कुंवर प्रणब सिंह चैंपियन, पौडी से मुकेश सिंह कोली, गंगोलीहाट से मीना गंगोला, कपकोट से बलवंत सिंह भौर्याल और अल्मोडा से रघुनाथ सिंह चौहान शामिल हैं।

पिछले साल भाजपा में शामिल हुए निर्दलीय विधायकों, प्रीतम सिंह पंवार को धनोल्टी से और रामसिंह कैडा को भीमताल से टिकट दिया गया है। इसके अलावा, दो दिन पहले कांग्रेस छोड़कर पार्टी में आयीं नैनीताल की पूर्व विधायक सरिता आर्य को भी टिकट दिया गया है। लेकिन, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पुरोला विधायक राजकुमार पार्टी का टिकट पाने में विफल रहे जबकि बृहस्पतिवार को पार्टी में आए दुर्गेश्वर लाल को पुरोला से चुनावी समर में उतारा गया है।

देहरादून के कैंट क्षेत्र से रिकार्ड आठ बार विधायक रहे हरबंस कपूर के हाल में निधन के बाद भाजपा ने उनकी पत्नी सविता कपूर पर भरोसा जताया है। पिछले साल संसार को अलविदा कह गए गंगोत्री के विधायक गोपाल सिंह रावत के स्थान पर पार्टी ने सुरेश चौहान पर दांव खेला है।

लगातार विवादों में रहने वाले खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव सिंह की जगह उनकी पत्नी कुंवरानी देवयानी को मैदान में उतारा गया है। वर्तमान विधानसभा में उपाध्यक्ष रहे अल्मोडा से विधायक चौहान का टिकट काटकर वहां से कैलाश शर्मा को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है।

वहीं, काशीपुर से विधायक हरभजन सिंह चीमा की सिफारिश पर भाजपा ने उनके पुत्र त्रिकोल सिंह चीमा को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा की पहली सूची में 10 प्रतिशत (छह) टिकट महिलाओं को दिया गया है।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डा देवेंद्र भसीन ने कहा कि पार्टी द्वारा जारी सूची बहुत संतुलित और अच्छी है और जीत हासिल करने में सक्षम प्रत्याशियों के कारण पार्टी इसबार भी 60 से ज्यादा सीटों पर जीत का लक्ष्य प्राप्त कर सकेगी।

भाषा दीप्ति अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments