(फाइल फोटो के साथ)
जयपुर, दो फरवरी (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर सोमवार को निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘खोखले राष्ट्रवाद’ की आड़ में देश की सीमाओं की सच्चाई को छिपा नहीं सकती।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को एक पूर्व सेना प्रमुख के संस्मरण का हवाला देते हुए चीन का विषय उठाना चाहा था। इसको लेकर सदन में हंगामा हुआ और कार्यवाही कई बार स्थगित करनी पड़ी।
गहलोत ने इस संदर्भ में कहा,‘‘भाजपा राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में सच सुनने से इतना क्यों डर रही है?’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,‘‘आज लोकसभा में जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की किताब का हवाला देते हुए चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठाया तो पूरी भाजपा सरकार ‘पैनिक मोड’ में चली गई।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आखिर जनरल नरवणे की उस किताब में ऐसा क्या छिपा है कि (रक्षा मंत्री) राजनाथ सिंह और (गृहमंत्री) अमित शाह को इसे दबाने के लिए बार-बार दखल देना पड़ा? यहां तक कि लोकसभा अध्यक्ष भी सिर्फ सरकार को बचाने में लगे हुए हैं।’’
उन्होंने कहा,‘‘नियमों की आड़ लेकर भाजपा ‘खोखले राष्ट्रवाद’ का कवच पहन सकती है, लेकिन वह देश की सीमाओं की सच्चाई को छिपा नहीं सकती। जनता जवाब मांग रही है।’’
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
