scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशभाजपा: कर्नाटक, तेलंगाना निकाय चुनाव के लिए प्रभारी, चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त

भाजपा: कर्नाटक, तेलंगाना निकाय चुनाव के लिए प्रभारी, चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक और तेलंगाना में निकाय चुनाव के लिए प्रभारियों तथा आगामी चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए पर्यवेक्षक की मंगलवार को नियुक्ति की।

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व पार्टी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के दिन ये नियुक्तियां की गईं।

पार्टी द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नवीन ने 29 जनवरी को होने वाले चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

नवीन ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार को आगामी तेलंगाना नगर निकाय चुनाव के लिए तत्काल प्रभाव से पार्टी का प्रभारी नियुक्त किया।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी एक अन्य अधिसूचना के अनुसार, भाजपा की राजस्थान इकाई के पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी और पार्टी की राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा को तेलंगाना में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने आगामी ग्रेटर बेंगलुरु नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को भी प्रभारी नियुक्त किया।

राजस्थान में भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया और महाराष्ट्र के विधायक संजय उपाध्याय को नगर निगम चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया गया है।

सिंह ने अलग-अलग जारी अधिसूचनाओं में कहा, ‘‘ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।’’

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments