scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशभाजपा का कांग्रेस-सपा पर एलपीजी को लेकर ‘झूठ’ फैलाने का आरोप

भाजपा का कांग्रेस-सपा पर एलपीजी को लेकर ‘झूठ’ फैलाने का आरोप

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर “झूठ” फैलाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि विपक्ष “राजनीतिक” लाभ के लिए दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए एलपीजी का अर्थ “लाइज, पैनिक और गोलपोस्ट चेंज” (झूठ, दहशत और मुद्दा बदलना) है।

पूनावाला ने संवाददाताओं से कहा, “यह उनकी पुरानी आदत है। कोविड-19 महामारी के दौरान अखिलेश जी ने कहा था कि यह भाजपा का टीका है। तब भी इन्होंने अराजकता फैलाने की कोशिश की थी। ‘पैनिक टू प्रॉफिट’ (दहशत फैलाकर फायदा उठाना) उनका पुराना मॉडल रहा है। पहले कच्चे तेल की कमी को लेकर गलत सूचना फैलाई गई और जब वह कहानी काम नहीं आई तो एलपीजी का मुद्दा उठाया गया।”

विपक्ष पर कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा, “यह उनका पुराना मॉडल है-टेलीविजन पर दहशत पैदा करो और फायदा उठाओ। कांग्रेस और सपा के लोग 50 से 100 सिलेंडर के साथ पकड़े गए हैं। ये सभी कांग्रेस और सपा से जुड़े बताए जाते हैं। पहले कृत्रिम दहशत फैलाओ और फिर कालाबाजारी करो। संकट में व्यावसायिक और राजनीतिक अवसर तलाशना कांग्रेस तंत्र की आदत बन चुकी है।”

भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने भी दावा किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर को लेकर कोई संकट नहीं है, हालांकि वाणिज्यिक आपूर्ति में प्राथमिकता तय की गई है।

शुक्ला ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और कर्नाटक में कांग्रेस के कुछ नेताओं को एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और मुनाफाखोरी करते हुए पकड़ा गया है। उन्होंने दावा किया कि सपा के कुछ सदस्य भी इसी तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं।

भाषा खारी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments