भुवनेश्वर, 12 मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने व्हिप जारी कर अपने सभी विधायकों को राज्यसभा चुनाव के लिए 13 से 16 मार्च तक भुवनेश्वर में उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया है।
यह निर्देश पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक द्वारा सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनाव के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त का प्रयास करने का आरोप लगाए जाने के बाद जारी किया गया है।
क्षेत्रीय दल के 50 विधायक हैं, जिनमें से दो फिलहाल निलंबित हैं।
दल की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक द्वारा बुधवार देर रात जारी एक नोट में कहा गया, ‘‘बीजू जनता दल के सभी विधायकों को सूचित किया जाता है कि राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान सोमवार यानी 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ओडिशा विधानसभा परिसर में होगा। विधायकों को निर्देश दिया जाता है कि वे मुख्यालय न छोड़ें और 13 मार्च से 16 मार्च तक भुवनेश्वर में हर हाल में मौजूद रहें। इसे तीन-पंक्ति व्हिप माना जाए और इसका कड़ाई से अनुपालन किए जाने का अनुरोध किया जाता है।’’
इससे पहले बुधवार को पटनायक ने भाजपा पर राज्यसभा चुनाव से पहले राज्य में ‘खरीद-फरोख्त’ करने का आरोप लगाया।
पटनायक ने यह बात बीजद के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार जेना के बुधवार को क्षेत्रीय दल छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद कही।
सत्तारूढ़ भाजपा ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपने सदस्य दिलीप रे को राज्यसभा चुनाव में समर्थन देने की घोषणा की है।
भाजपा के पास अपने दो आधिकारिक उम्मीदवारों मनमोहन सामल और सुजीत कुमार की जीत सुनिश्चित करने के अलावा एक अतिरिक्त सीट जीतने के लिए विधायकों की पर्याप्त संख्या नहीं है।
विपक्षी दल बीजद के पास भी अपने दूसरे उम्मीदवार को जिताने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है।
ओडिशा में राज्यसभा के गणित के अनुसार, किसी उम्मीदवार को एक सीट जीतने के लिए 30 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत होती है।
ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 79 विधायक हैं और उसे तीन निर्दलीय सदस्यों का समर्थन प्राप्त है।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
