(तस्वीरों के साथ)
चंडीगढ़, चार फरवरी (भाषा) पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर उस पार्टी के साथ ‘विश्वासघात’ करने का आरोप लगाया, जिसने उन्हें सब कुछ दिया।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते बिट्टू, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।
संसद परिसर में बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा बिट्टू को ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद भाजपा ने इस टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया। भाजपा ने इसे हर सिख का अपमान करार दिया और लोकसभा अध्यक्ष से राहुल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने बिट्टू पर अपने हमले तेज कर दिए और भाजपा को याद दिलाया कि वह राहुल गांधी ही थे जिन्होंने बिट्टू को पगड़ी पहनने के लिए प्रेरित किया था।
लुधियाना से बिट्टू को हराने वाले राजा वडिंग ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘एक बार का गद्दार हमेशा गद्दार ही रहता है। बिट्टू ने उस कांग्रेस पार्टी को धोखा दिया जिसने उन्हें सब कुछ दिया। राहुल गांधी जी ने उन्हें तीन बार सांसद बनाने के अलावा भारतीय युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया। राहुल जी ही थे जिन्होंने आपको पगड़ी बांधने की प्रेरणा दी थी। भाजपा आपका इस्तेमाल कर रही है और इसकी एक समय सीमा (एक्सपायरी डेट) तय है।’
वर्तमान में राज्यसभा सदस्य बिट्टू को नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में मंत्री पद दिया गया है। बुधवार सुबह जब बिट्टू संसद में प्रवेश कर रहे थे, तब राहुल ने उन्हें ‘गद्दार’ कहा, जिस पर मंत्री ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को ‘देश का दुश्मन’ कहकर पलटवार किया।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी बिट्टू पर निशाना साधा। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जब मैं लोकसभा सांसद था, तब मैंने व्यक्तिगत रूप से राहुल गांधी जी को बिट्टू को पगड़ी पहनने के लिए प्रोत्साहित करते देखा था। आज भाजपा दावा कर रही है कि राहुल जी एक पगड़ीधारी सिख को निशाना बना रहे हैं। तथ्य यह है कि राहुल जी के मार्गदर्शन से पहले उनकी यह पहचान नहीं थी।’’
भाषा सुमित संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
