गया जी/औरंगाबाद, 20 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान गया जी और औरंगाबाद जिलों में करीब 1,422 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में चल रही विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि “कुमार ने गया जी जिले में 744 करोड़ रुपये की 673 विकास योजनाओं की शुरुआत की। इनमें 367 करोड़ रुपये की लागत से 553 योजनाओं का उद्घाटन और 377 करोड़ रुपये की लागत से 140 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।”
गया जी में मुख्यमंत्री ने बांके बाजार प्रखंड में बड़की और मझियावां नदियों पर पुल निर्माण, प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं आवासीय भवन, बड़ा बांध चेक डैम सिंचाई परियोजना तथा कोठी और सलैया होते हुए इमामगंज-पकरी (झारखंड सीमा) सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 13,334 महिलाओं को 609 करोड़ रुपये के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किया।
इसके बाद औरंगाबाद में मुख्यमंत्री ने करीब 678 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिनमें 123 करोड़ रुपये की लागत से 142 योजनाओं का उद्घाटन तथा 555 करोड़ रुपये की लागत से 120 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने जिले के बारुण नगर पंचायत के वार्ड संख्या-3 का दौरा कर ‘जल-जीवन-हरियाली अभियान’ के तहत पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया, जिसका उद्देश्य औरंगाबाद (24,935 घरों), डेहरी और सासाराम शहरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है।
उन्होंने देव नगर पंचायत में रिंग रोड निर्माण, विष्णुपुर नहर निर्माण, ट्रॉमा सेंटर का विकास, औरंगाबाद शहर में अदरी नदी के किनारे रिवरफ्रंट विकास, खेल परिसर एवं स्टेडियम निर्माण सहित अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन, स्थानीय विधायक और जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा
कैलाश रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
