पटना, सात दिसंबर (भाषा) बिहार की विशेष सतर्कता इकाई (एसवीयू) ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के भगोड़े अधिकारी आदित्य कुमार से जुड़े परिसरों पर बुधवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कुमार को आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित कर दिया गया था और वह शराब माफिया से कथित तौर पर मिलीभगत करने के लिए वांछित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पटना तथा उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद और मेरठ में कुमार के परिसरों पर छापेमारी की गई।
एक बयान में कहा गया है कि छापेमारी के दौरान 20 लाख रुपये की नकदी, 90 लाख रुपये की जमा राशि वाले बैंक खातों और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।
इसमें कहा गया है कि आरोपी की कुल अचल संपत्ति लगभग 1.37 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी लगभग दो महीने से फरार है और वह शराब माफिया के साथ कथित तौर पर मिलीभगत से जुड़े मामले में गिरफ्तारी से बच रहे हैं। यह मामला उस समय का है जब वह गया जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात थे।
भाषा गोला देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
