scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशबिहार बोर्ड ने कक्षा 10वीं का परिणाम घोषित किया, 81.79 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

बिहार बोर्ड ने कक्षा 10वीं का परिणाम घोषित किया, 81.79 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

Text Size:

पटना, 29 मार्च (भाषा) बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने रविवार को कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए जिसमें लगभग 82 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी छात्रों को बधाई दी और कहा कि छात्राओं का समग्र प्रदर्शन अच्छा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि दो छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि जमुई जिले की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली जिले की सबरीन परवीन ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

बीएसईबी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बेगुसराय जिले की नाहिद सुल्ताना ने 489 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि बक्सर की अनुपा कुमारी और बेगुसराय के ओम कुमार ने संयुक्त रूप से 488 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में नीतीश कुमार के हवाले से कहा गया है, ‘इस वर्ष दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से मैट्रिक परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। कुल मिलाकर, छात्राओं का प्रदर्शन अच्छा रहा है।’

मुख्यमंत्री ने कहा, “छात्राओं की यह उपलब्धि महिला सशक्तीकरण का एक मजबूत उदाहरण है। लड़कियों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं।”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लड़कियों के लिए संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “लड़कों ने भी परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”

इससे पहले दिन में, मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि इस बार बिहार ही एकमात्र राज्य है जिसने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम मार्च में ही घोषित कर दिए हैं।

कुमार ने कहा कि प्रौद्योगिकी के उपयोग से कक्षा 10वीं की परीक्षाओं की मूल्यांकन प्रक्रिया रिकॉर्ड 12 दिनों में पूरी कर ली गई।

मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, “परीक्षा में शामिल कुल 15,10,928 छात्रों में 7,84,871 लड़कियां और 7,26,057 लड़के थे, जिनमें से 12,35,743 (81.79 प्रतिशत) छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

उत्तीर्ण छात्रों में 6,01,390 लड़के और 6,34,353 लड़कियां शामिल हैं।”

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि 4,43,723 छात्रों ने प्रथम श्रेणी, 4,75,511 ने द्वितीय श्रेणी और 3,03,103 ने तृतीय श्रेणी हासिल की।

उन्होंने कहा कि शीर्ष पांच में 13 और शीर्ष 10 में 139 छात्र शामिल रहे।

किशोर ने यह भी घोषणा की कि इस वर्ष बिहार सरकार ने शीर्ष स्थान प्राप्त करने वालों के लिए पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी है।

आनंद किशोर ने कहा, “प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को दो-दो लाख रुपये, द्वितीय स्थान पाने वालों को 1.5 लाख रुपये और तृतीय स्थान पाने वालों को एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। चौथा से दसवां स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को 20,000 रुपये दिए जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि शीर्ष 10 में शामिल सभी छात्रों को एक लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और मेडल भी दिया जाएगा।

प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्राओं में से एक सबरीन प्रवीण ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों के सहयोग को दिया।

वैशाली के छौराही उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने कहा, “मेरे पिता पश्चिम बंगाल में काम करते हैं। यहां मेरी मां और दादा-दादी ने हमेशा मुझे प्रोत्साहित किया।” सबरीन ने भविष्य में चिकित्सक बनने की इच्छा जताई।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली एक अन्य छात्रा पुष्पांजलि कुमारी ने कहा कि उनका लक्ष्य वैज्ञानिक बनना है।

कुमार ने कहा कि समय पर परिणाम घोषित होने से छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए अच्छे संस्थानों में प्रवेश लेने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा, “जो छात्र अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए या असफल हुए हैं, उनके लिए ‘स्क्रूटनी’ और ‘कंपार्टमेंट’ परीक्षा के आवेदन एक अप्रैल से सात अप्रैल तक खुले रहेंगे।”

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने कहा कि कंपार्टमेंट परीक्षाएं जल्द आयोजित की जाएंगी ताकि मई में परिणाम जारी किए जा सकें और छात्रों का एक शैक्षणिक वर्ष खराब न हो।

भाषा

राखी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments