scorecardresearch
Tuesday, 14 April, 2026
होमदेशबेंगलुरु भगदड़: आईपीएस अधिकारी ने निलंबन को चुनौती देते हुए केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण का रुख किया

बेंगलुरु भगदड़: आईपीएस अधिकारी ने निलंबन को चुनौती देते हुए केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण का रुख किया

Text Size:

बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के सिलसिले में निलंबित किये गए पांच अधिकारियों में से एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास कुमार विकास ने अपने निलंबन को चुनौती देते हुए केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण का रुख किया है। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को दी।

सूत्रों ने बताया कि विकास अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) के पद पर तैनात थे और उन्होंने पिछले सप्ताह अधिकरण का रुख किया।

सूत्रों ने बताया कि अधिकरण आगामी कुछ दिनों में इस मामले पर सुनवाई कर सकता है।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने पांच जून को पांच अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया था, जिनमें कब्बन पार्क पुलिस थाने के सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर ए के गिरीश और सहायक पुलिस आयुक्त सी बालकृष्ण, केंद्रीय संभाग के पुलिस उपायुक्त शेखर एच टेक्कन्नावर और बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त दयानंद शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों के निलंबन का बचाव करते हुए सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा था कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि जिन लोगों ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभायी, उन्हें निलंबित किया गया है।

निलंबन आदेश में कहा गया है, ‘‘यह पाया गया है कि इन अधिकारियों द्वारा कर्तव्य के प्रति काफी लापरवाही बरती गई है।’

भगदड़ चार जून को स्टेडियम के सामने हुई थी, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम की आईपीएल जीत के जश्न में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे। भगदड़ की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments