scorecardresearch
Sunday, 5 April, 2026
होमदेशबेंगलुरु: ग्राहकों के 3.5 करोड़ रुपये के सोने को गिरवी रखने के आरोप में बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

बेंगलुरु: ग्राहकों के 3.5 करोड़ रुपये के सोने को गिरवी रखने के आरोप में बैंक कर्मचारी गिरफ्तार

Text Size:

बेंगलुरु, 14 फरवरी (भाषा) बेंगलुरु में विभिन्न ग्राहकों के 2,780 ग्राम सोने के गहनों का दुरुपयोग करने और उन्हें अनधिकृत रूप से गिरवी रखने के आरोप में एक बैंक के उप प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इन गहनों की कीमत 3.5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि यह कथित धोखाधड़ी का मामला तब सामने आया जब बैंक के मुख्य प्रबंधक ने पांच फरवरी को गिरिनगर थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर उच्च अधिकारियों को सूचित किए बिना बैंक के लॉकर से ग्राहकों के 2,780 ग्राम सोने के आभूषण निकाले और उन्हें एक वित्त कंपनी में गिरवी रख दिया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अधिकारियों को प्रथम दृष्टया ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे यह संकेत मिलता है कि आरोपी ने धोखाधड़ी से मिली इस रकम को ऑनलाइन सट्टेबाजी में खर्च कर दिया था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) लोकेश बी जगलासर ने कहा, ‘इस मामले में बैंक के आरोपी उप प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हम सोना बरामद करने का प्रयास कर रहे हैं और अब तक लगभग 700 ग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।’

अधिकारी ने कहा, ‘हमें वित्तीय कंपनियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। हम अदालत का रुख करेंगे और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे। मामले की जांच जारी है।’

पुलिस ने ग्राहकों को भी सलाह दी है कि वे बैंक लॉकरों में रखे अपने आभूषणों की सुरक्षा और स्थिति का जांच करें।

भाषा प्रचेता माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments