कोलकाता, 13 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा पहली पूरक मतदाता सूची के अगले सप्ताह के अंत से पहले जारी होने की उम्मीद है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इस सूची में उन लगभग 60 लाख मतदाताओं में से कुछ के नाम शामिल होंगे जिनके नाम अंतिम मतदाता सूची में ‘‘विचाराधीन’’ के रूप में चिह्नित किए गए थे।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी।
सूत्रों ने कहा, ‘‘28 फरवरी को ‘विचाराधीन’ के रूप में चिह्नित 15 लाख नामों की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, जबकि इस श्रेणी में अतिरिक्त नामों की जांच अगले पांच दिनों में की जाएगी और पहली पूरक सूची को प्रकाशन से 24 घंटे पहले, संभवतः अगले शुक्रवार तक तदनुसार अद्यतन किया जाएगा।’’
कोलकाता स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने इस प्रक्रिया के प्रबंधन के लिए कथित तौर पर एक सॉफ्टवेयर विकसित किया है और ऐप का लिंक संबंधित न्यायिक अधिकारियों के साथ पहले ही साझा किया जा चुका है।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
