कोलकाता, 24 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का मुकाबला करने के लिए 11 सदस्यीय संकल्प समिति के गठन की घोषणा की।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह समिति चुनाव से पहले पार्टी की चुनावी रणनीति का समन्वय करेगी, तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के ‘अत्याचारों’ का मुकाबला करेगी, विभिन्न निकायों में पद धारण करने वाले तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के एक वर्ग के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करेगी और बूथ स्तर की बैठकों में राज्य सरकार की ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति का विरोध करेगी।
समिति में पूर्व विधायक तापस रॉय अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और अर्थशास्त्री अशोक लाहिड़ी संयोजक और राज्य महासचिव अग्निमित्र पॉल सह-संयोजक हैं।
उन्होंने बताया कि लोकसभा सदस्य मनोज तिग्गा, पार्टी विचारक स्वपन दासगुप्ता, अनिर्बान गांगुली, शिशिर बाजोरिया और अधिवक्ता देबजीत सरकार समिति के अन्य सदस्य हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि समिति ने चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने और बंगाल की जनता को ‘सुशासन’ देने के एकमात्र उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से काम शुरू कर दिया है।
भाषा संतोष देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
