बीड (महाराष्ट्र), 17 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र में बीड जिले के मस्साजोग ग्राम पंचायत के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के सिलसिले में फिलहाल स्थानीय जेल में बंद मुख्य आरोपी वाल्मिक कराड ने शुक्रवार को पेट दर्द और बुखार की शिकायत की, जिसके बाद उसे स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी जांच की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सरपंच देशमुख को दिसंबर 2024 में एक ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली की कोशिश को नाकाम करने पर अगवा करके बेरहमी से मार डाला गया था। उनके शरीर पर कई चोटें थीं और उनके साथ अत्यधिक क्रूरता किये जाने के संकेत मिले थे। उनका शव सड़क किनारे पड़ा मिला था।
कुछ दिनों बाद, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एवं राकांपा नेता धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी कराड ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया और उसे इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया, ‘‘बुखार और पेट दर्द की शिकायत के बाद कराड को बीड सिविल अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उसका सीटी स्कैन और सोनोग्राफी की। उसमें सिस्टाइटिस से संबंधित हल्की समस्याएं पाई गईं। उसके सीरम क्रिएटिनिन का स्तर भी थोड़ा बढ़ा हुआ है। अन्य सभी पैरामीटर सामान्य हैं।”
उन्होंने कहा, “हमने उसे एंटीबायोटिक्स दे दी है और एक हफ्ते बाद दोबारा जांच निर्धारित की गयी है। फिलहाल कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं है।”
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.