scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशबारामती उपचुनाव: भाजपा ने उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने के लिए उससे संपर्क नहीं किया है- कांग्रेस

बारामती उपचुनाव: भाजपा ने उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने के लिए उससे संपर्क नहीं किया है- कांग्रेस

Text Size:

मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने बुधवार को कहा कि भाजपा के किसी भी नेता ने बारामती विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए उसके उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने के लिए संपर्क नहीं किया है। प्रदेश कांग्रेस ने इन दावों को ‘‘झूठा, भ्रामक और निराधार’’ बताया।

पार्टी ने एक बयान में कहा कि इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच किसी भी तरह की बातचीत की खबरें ‘‘गलत और तथ्यहीन’’ हैं।

कांग्रेस ने जानबूझकर भ्रम पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा अपनी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को गुमराह करने के लिए इस तरह की गलत सूचना फैला रही है।

गत 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु के बाद बारामती विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। इस सीट पर मतदान 23 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।

अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनीं और राकांपा अध्यक्ष भी चुनी गई थीं। सुनेत्रा पवार सत्तारूढ़ ‘महायुति’ की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी।

जहां दो विपक्षी दलों, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) और शिवसेना (उबाठा) ने अजित पवार के प्रति सम्मान के प्रतीक के रूप में उम्मीदवार नहीं उतारे हैं, वहीं कांग्रेस ने आकाश मोरे को अपना उम्मीदवार चुना है।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अप्रैल है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को उम्मीद जताई थी कि कांग्रेस पार्टी ‘‘जनभावना’’ का सम्मान करेगी और सुनेत्रा पवार के खिलाफ अपना उम्मीदवार वापस लेकर बारामती में निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित करेगी।

भाषा देवेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments