scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशबादल, पंजाब विस अध्यक्ष ने मोदी से प्रभावित देशों से भारतीयों को निकालने का आग्रह किया

बादल, पंजाब विस अध्यक्ष ने मोदी से प्रभावित देशों से भारतीयों को निकालने का आग्रह किया

Text Size:

चंडीगढ़, एक मार्च (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल एवं पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने ईरान पर इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमले के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रभावित देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की निकासी के लिए कदम उठाने का रविवार को आग्रह किया।

बादल ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में पंजाब के लोग युद्धक्षेत्र में फंस गए हैं और प्रधानमंत्री मोदी से सर्वाधिक प्रभावित देशों से सभी भारतीय नागरिकों की निकासी के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।’’

बादल ने कहा कि हवाई मार्ग खुलते ही इस संबंध में विशेष हवाई निकासी अभियान तुरंत शुरू किया जाना चाहिए।

पंजाब विधानसभा अध्यक्ष संधवां ने यहां जारी एक बयान में प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि वह मौजूदा संघर्ष के मद्देनजर हवाई अड्डों और अन्य विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करें।

उन्होंने मौजूदा स्थिति के कारण कई भारतीयों के संकट में होने की खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इस बात पर जोर दिया कि भारत सरकार को देश के लोगों की सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त हमले किए। ईरानी सरकारी मीडिया ने रविवार तड़के पुष्टि की कि इजराइल और अमेरिका के हमले में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए।

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments