रांची, 27 मार्च (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने प्रतिभाशाली छात्रों को उच्च अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करने के लिहाज से एक पारितोषिक योजना शुरू की है।
इस योजना के तहत दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तीन लाख रुपये तक के नगद इनाम, एक लैपटॉप और एक मोबाइल फोन प्रदान किये गये।
मुख्यमंत्री ने यहां एक पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ‘‘यदि बिहार, उत्तर प्रदेश या देश के किसी भी हिस्से से विद्यार्थी झारखंड के किसी भी स्कूल में अव्वल आता है तो उसे राज्य सरकार सम्मानित करेगी।’’
इस अवसर पर झारखंड अकादमिक परिषद (जेएसी), केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और भारतीय विद्यालय प्रमाणपत्र परीक्षा परिषद (सीआईएससीई) द्वारा आयोजित परीक्षा के 68 रैंक धारकों के अलावा झारखंड ओलंपियाड के अव्वल छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया।
भाषा वैभव रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
